नयी दिल्ली , जून 15 -- कोटक म्युचुअल फंड ने अपने पहले स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (एसआईएफ) 'कोटक इनफिनिटी हाईब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड' की सोमवार को घोषणा की।

नया फंड 15 जून से निवेशकों के लिए खुल गया है और इसका न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) 29 जून तक उपलब्ध रहेगा।

एसआईएफ निवेश की एक नयी श्रेणी है। यह पारंपरिक म्यूचुअल फंड और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विस तथा वैकल्पिक निवेश फंड जैसे उन्नत निवेश उत्पादों के बीच की खाई को पाटता है। यह श्रेणी पोर्टफोलियो निर्माण में अपेक्षाकृत अधिक लचीलापन प्रदान करती है, हालांकि यह नियामकीय प्रावधानों के अधीन होती है। ऐसे निवेश उत्पाद उन निवेशकों के लिए अधिक उपयुक्त माने जाते हैं जो इनके जोखिम और विशेषताओं को अच्छी तरह समझते हैं।

कंपनी ने बताया कि कोटक इनफिनिटी हाईब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह विभिन्न बाजार परिस्थितियों में इक्विटी जोखिम का सतत प्रबंधन कर सके। फंड की रणनीति का प्रमुख उद्देश्य जोखिम प्रबंधन और बाजार में गिरावट के दौरान पूंजी की सुरक्षा पर ध्यान देना है। इस रणनीति के तहत दीर्घावधि निवेश, नियामकीय सीमा के भीतर शॉर्ट पोजीशन और आर्बिट्राज अवसरों का संयोजन किया जायेगा। इसका उद्देश्य अलग-अलग बाजार चक्रों में संतुलित प्रदर्शन देने का प्रयास करना है।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि निवेश उद्देश्यों की प्राप्ति या हर बाजार परिस्थिति में स्थिर और अनुकूल रिटर्न की कोई गारंटी नहीं है। कोटक महिंद्रा एएमसी के प्रबंध निदेशक निलेश शाह ने कहा कि म्यूचुअल फंड उद्योग ने अनुशासित दीर्घावधि निवेश के जरिये निवेशकों के लिए उल्लेखनीय संपत्ति सृजित की है। एसआईएफ इस यात्रा का अगला स्वाभाविक चरण है। यह लॉन्ग-शॉर्ट रणनीतियों के माध्यम से बाजार चक्रों का बेहतर ढंग से सामना करने के लिए अधिक लचीलापन प्रदान करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित