नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- वैकल्पिक परिसंपत्तियों में निवेश करने वाली कंपनी कोटक ऑल्टरनेट एसेट मैनेजर्स लिमिटेड (कोटक ऑल्ट्स) ने जीरोहार्म साइंसेज में 40 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

कोटक ऑल्ट्स ने बुधवार को बताया कि यह निवेश उसकी इकाई कोटक लाइफ साइंसेज फंड 1 के माध्यम से किया गया है। इस राशि का इस्तेमाल जीरोहार्म अपना कारोबार और ब्रांड विजिबिलिटी बढ़ाने तथा नये बाजारों में पांव फैलाने के लिए करेगी।

कोटक ऑल्ट्स के निदेशक आशीष रंजन ने कहा, "भारतीय न्यूट्रास्यूटिकल्स बाजार को अनुकूल व्यापक आर्थिक परिस्थितियों, मांग और आपूर्ति पक्ष के कारकों का समर्थन मिल रहा है। इसकी स्वीकार्यता अभी प्रारंभिक चरण में है और भविष्य में इसमें तीव्र वृद्धि की उम्मीद है। जीरोहार्म आयुर्वेद के कालातीत ज्ञान को उन्नत तकनीक के साथ सहज रूप से एकीकृत कर रोग निवारण और आरोग्य को नये रूप में परिभाषित कर रही है, और सुरक्षित, प्रभावी तथा विस्तार योग्य समाधान प्रदान कर रही है।"साल 2020 में सचिन दरबारवार द्वारा स्थापित जीरोहार्म एक पादप-आधारित न्यूट्रास्यूटिकल सीधे ग्राहक तक बिक्री करने वाला ब्रांड है। कंपनी के पास एक्सट्रैक्शन, फॉर्म्युलेशन अनुसंधान एवं विकास और विनिर्माण में पूरी तरह एकीकृत क्षमताएं हैं। वह देश में अपनी वेबसाइट के अलावा प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पाद बेचती है। साथ ही अमेरिका, ब्रिटेन और पश्चिम एशियाई देशों में भी अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित