.कोच्चि , सितंबर 12 -- कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (सीआयएएल) ने यात्री सेवाओं और सुविधाओं को बेहतर बनाने के अपने प्रयासों के तहत हवाई अड्डे पर एक यात्री सहायता रोबोट की शुरुआत की है।
पहले चरण में रोबोट को आंतरिक सुरक्षा प्रतीक्षा क्षेत्र में स्थित कला संग्रहालय 'कलांगन' में तैनात किया गया है। इस सेवा का उद्घाटन सीआयएएल के प्रबंध निदेशक एस. सुहास ने किया है।
यह रोबोट यात्रियों का स्वागत करता है, दिशा-निर्देश और वास्तविक समय में उड़ान संबंधी जानकारी प्रदान करता है तथा उन्हें बोर्डिंग गेट और हवाई अड्डे की अन्य सुविधाओं तक पहुंचने में मार्गदर्शन करता है। यात्रा संबंधी सहायता के लिए यात्री इसके साथ बातचीत कर सकते हैं, जिसमें सीआयएएल की सेवाओं, उड़ान समय-सारणी और गेट नंबरों की जानकारी शामिल है।
रोबोटिक सहायक कथकली और ओट्टंथुल्लल सहित पारंपरिक कला रूपों के बारे में जानकारी प्रदान करके केरल की सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा देगा। इसके साथ ही यह 'कलांगन' में प्रदर्शित मूर्तियों और कलाकृतियों का विवरण भी देगा। यह यात्रियों को संबंधित प्रदर्शनियों की ओर भी निर्देशित कर सकता है।
अगले चरण में, सीआयएएल हवाई अड्डे के चेक-इन हॉल में यात्री सहायता रोबोट तैनात करने की योजना बना रहा है। हवाई अड्डा संचालक यात्रियों के लिए टर्मिनल के अंदर सीधे भोजन और अन्य उत्पाद पहुंचाने के लिए डिलीवरी रोबोट शुरू करने की भी संभावना तलाश रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित