कोच्चि , मार्च 29 -- केरल में कोच्चि शहर के एक पांच-सितारा होटल में ड्रग्स के खिलाफ चलाए गए एक बड़े अभियान में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया जिसमें एक डॉक्टर, एक वकील और एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी का मालिक शामिल है।

पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए होटल में छापा मारा और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान शाजी फर्नांडो (इवेंट मैनेजमेंट कंपनी का मालिक), ऑस्टिन जोस , वकील रोहित नायर, जीनो मुरली, अकबर शाह (न्यूट्रिशनिस्ट), बेंजी रावुथर (डेंटिस्ट), सैथलवी फातिमा (फिजियोथेरेपिस्ट) और अमल रऊफ (एविएशन छात्र) के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस समूह के पास से हाइब्रिड कैनाबिस (गांजा), कोकीन, मेथामफेटामाइन और एक्स्टेसी की गोलियां बरामद की हैं। विशेष रूप से इस अभियान के दौरान 5 ग्राम हाइब्रिड कैनबिस, 0.34 ग्राम कोकीन, 0.36 ग्राम मेथामफेटामाइन और 0.44 ग्राम एक्स्टेसी की गोलियां बरामद की गईं।

जांच अधिकारियों ने बताया कि इवेंट मैनेजमेंट कंपनी का मालिक उस नेटवर्क की एक अहम कड़ी है, जो युवाओं और छात्रों को ड्रग्स की आपूर्ति करता है।

इस अभियान को कडावंथरा के एसएचओ आर. बीजू के नेतृत्व वाली एक टीम ने अंजाम दिया। इस टीम में उपनिरीक्षक पीआर राजीव, एएसआई राजेश और सिविल पुलिस अधिकारी जीवन, सूरज, राकेश उदय, रेनी शामिल थे। इस टीम ने उपनिरीक्षक विनोद के नेतृत्व वाली एक अन्य टीम के साथ मिलकर यह कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित