कोच्चि , जुलाई 5 -- केरल के कोच्चि में भारत की 2026 ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत छह और सात जुलाई को ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक आयोजित की जायेगी। इसमें ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी सहयोग को मजबूत करने, प्रमुख नीतिगत प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करने और ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले महत्वपूर्ण परिणाम दस्तावेजों को अंतिम रूप देने के लिए एक साथ आएंगे।
यह बैठक सभी क्षेत्रों में महिला अधिकारिता और महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ साझा हितों के मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित होगी।
सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे और शासन, आर्थिक विकास तथा सतत विकास में महिलाओं की भूमिका को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की जाने वाली पहलों पर आम सहमति बनाने की दिशा में काम करेंगे।
यह चर्चा भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के विषय "लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता का निर्माण" द्वारा निर्देशित होगी, जो जन-केंद्रित और मानवता-प्रथम दृष्टिकोण को दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित