आजमगढ़, जून 4 -- उत्तर प्रदेश में आज़मगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में कोचिंग से घर लौटते समय रोज की छेड़खानी से परेशान छात्रा ने बीच सड़क में मनचले की धुनाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। परिजनों का आरोप है कि साहिल नामक मनचला लंबे समय से छात्रा का पीछा कर रहा था। वह न केवल फब्तियां कसता था, बल्कि अश्लील हरकतें भी करता था। छात्रा ने हिम्मत दिखाकर देवगांव कोतवाली में कई बार लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई।

पुलिस से कोई मदद न मिलने पर छात्रा ने खुद अपनी सुरक्षा का फैसला किया। हमेशा की तरह जब साहिल ने बीच सड़क पर उसे रोकने की कोशिश की, तो छात्रा का गुस्सा फूट पड़ा। उसने सरेराह मनचले की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब पुलिस प्रशासन के लिए गले की हड्डी बन चुका है।

लालगंज क्षेत्रधिकारी भूपेश प्रताप पांडे ने कहा कि आज वायरल वीडियो का आजमगढ़ पुलिस ने संज्ञान लिया है, पीडित छात्र की परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, पुलिस युवक की तलाश में जुट गई है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित