गौतमबुद्धनगर , जून 27 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों में समुचित स्थान दिया जाएगा और कोई भी क्षेत्र विकास योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्ययोजनाएं तैयार कर शीघ्र स्वीकृति देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री शनिवार को गौतमबुद्धनगर में लोक निर्माण विभाग की वर्ष 2026-27 की मेरठ मंडल कार्ययोजना की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मेरठ मंडल में अब तक 6,568.36 करोड़ रुपये की लागत वाली 1,284 विकास परियोजनाएं चिन्हित की जा चुकी हैं, जिनके माध्यम से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सांसद और विधायक अपने-अपने लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्रों की विकास आवश्यकताओं के अनुसार प्राथमिकता तय कर प्रस्ताव उपलब्ध कराएं, ताकि जनहित की परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से स्वीकृति देकर शीघ्र क्रियान्वित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों के प्रस्ताव ऐसे क्षेत्रों के लिए तैयार किए जाएं, जहां अब तक इस प्रकार के कार्य नहीं हुए हैं, ताकि विकास का लाभ नए क्षेत्रों तक पहुंचे और उपलब्ध संसाधनों का संतुलित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावों को कार्ययोजना में उचित स्थान दिया जाए। यदि किसी स्वीकृत परियोजना का कोई कार्य अधूरा रह गया है तो उसे भी कार्ययोजना में शामिल कर शीघ्र पूरा कराया जाए, जिससे आम जनता को समय पर उसका लाभ मिल सके।

धार्मिक एवं धर्मार्थ कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रस्ताव ऐसे स्थलों के लिए तैयार किए जाएं, जहां श्रद्धालुओं की संख्या अधिक हो तथा निर्माण कार्यों के लिए पर्याप्त और उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रस्ताव स्थानीय आवश्यकताओं और जनसुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्ययोजनाओं की स्वीकृति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के.पी. मलिक, पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर, लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक, मेरठ मंडल के सांसद एवं विधायक, मंडलायुक्त मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी, नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम तथा शासन एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित