कोंडागांव , अगस्त 11 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत मंगलवार को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, तहसीलपारा में 53 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई।
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने छात्राओं को साइकिल प्रदान की। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्कूल पहुंचने में होने वाली कठिनाइयां कम होंगी।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। शिक्षा बेहतर भविष्य और आत्मनिर्भरता की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति संघर्ष करता है और लगातार मेहनत करता है, सफलता उसके कदम चूमती है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों के लिए संचालित छात्रवृत्ति एवं शिक्षा सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
नगर पालिका कोंडागांव के अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि निःशुल्क साइकिल योजना दूर-दराज से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन कर बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में करीब 10 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया गया। शेड बनने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामूहिक गतिविधियों के आयोजन के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित