कोंडागांव , मई 20 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक लता उसेंडी ने बुधवार को कोंडागांव में चार करोड़ 69 लाख 77 हजार रुपए की लागत से होने वाले 17 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मिनी स्टेडियम निर्माण सहित खेल, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल हैं।

मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

सुश्री उसेंडी ने कहा कि संसाधनों के अभाव में खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है लेकिन मिनी स्टेडियम बनने से उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद उन्हें स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत संबंधी आह्वान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से इसमें सहभागिता निभाने की अपील की। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को गति मिली है और सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प के चलते बस्तर अब माओवाद मुक्त हो चुका है तथा वर्ष 2030 तक बस्तर संभाग को देश का सबसे विकसित संभाग बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने मिनी स्टेडियम को खेल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अब तक एक ही मैदान में विभिन्न खेल और अन्य गतिविधियों के आयोजन से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित