कोंडागांव , अप्रैल 20 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में ''मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान'' के तहत सघन स्वास्थ्य जांच अभियान लगातार जारी है, जिसके माध्यम से दूरस्थ और पहुंच विहीन गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के तहत प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, रूरल मोबाइल मेडिकल यूनिट और रेडक्रॉस मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए जिले के दूर-दराज क्षेत्रों में जाकर लोगों की जांच कर रही है।
अभियान के अंतर्गत ग्राम पेरमापाल, कीलम, बेचा और टिमनार जैसे सुदूर अंचलों में स्वास्थ्य कर्मियों ने पहुंचकर ग्रामीणों की जांच की। इस दौरान टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, मधुमेह, कैंसर, मोतियाबिंद, सिकल सेल और एनीमिया जैसी बीमारियों की जांच की जा रही है।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श और सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। जांच के दौरान मरीजों को मौके पर ही दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि गंभीर मामलों को बेहतर उपचार के लिए उच्च संस्थानों में रेफर किया जा रहा है।
अभियान के जरिए जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित