कोंडागांव , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ में कोंडागांव जिले के थाना उरंदाबेड़ा क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत भोगापाल में शनिवार को "सहयोग चौपाल" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद स्थापित कर जनसमस्याओं के समाधान तथा कानून संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) फरसगांव, थाना प्रभारी उरंदाबेड़ा, थाना प्रभारी बड़े डोंगर सहित ग्राम के सरपंच, पटेल, गायता, पंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सहयोग चौपाल की अवधारणा पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच की दूरी को कम करना, ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना तथा उन्हें त्वरित सहयोग उपलब्ध कराना है। इस दौरान साइबर अपराध, बाल अपराध, सड़क सुरक्षा एवं बाल विवाह जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी बड़े डोंगर ने स्थानीय हलबी भाषा में संवाद कर ग्रामीणों को कानून संबंधी जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी। चौपाल के अंत में उपस्थित ग्राम प्रमुखों और ग्रामीणों के साथ सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा सहयोग की भावना को और मजबूत किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित