कोंडागांव , जून 09 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

बैठक में सुशासन तिहार और बस्तर मुन्ने शिविरों के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने को कहा है।

उन्होंने किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता और समय पर वितरण पर विशेष जोर देते हुए कृषि विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण तथा 'निक्षय निरामय' अभियान के अंतर्गत टीबी स्क्रीनिंग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर बल दिया।

बैठक में आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विकासखंड स्तर पर व्यापक तैयारी और सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उल्लास साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत निरक्षर व्यक्तियों के पंजीयन अभियान में सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से सहयोग करने का आह्वान किया गया।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना, लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने को कहा।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित