कोंडागांव , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में आर्मी जवान की मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसा ग्राम गट्टी पलना मोड़ पर रात करीब 10 बजे हुआ, जब कार्यक्रम देखने जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।

पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शामपुर पल्ली निवासी सेना के जवान सुंदरलाल नेताम के रूप में हुई है। हादसे में एक अन्य जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे रात में जिला अस्पताल भेजा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग अपने निजी वाहन से ग्राम पांडेआठगांव में आयोजित कार्यक्रम देखने जा रहे थे। इसी दौरान गट्टी पलना मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित