कोंडागांव , जून 17 -- छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को कोंडागांव स्थित बिजली विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के आह्वान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आज बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कार्यालय परिसर के बाहर दो स्तर की बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किया।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस एवं प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि घोष ने आरोप लगाया कि बिजली दरों में लगातार हो रही वृद्धि से आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल बढ़ी हुई दरें वापस लेनी चाहिए।

कार्यालय घेराव के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में बस स्टैंड पहुंचे और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भी पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की देखने को मिली।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दर वृद्धि का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित