कोंडागांव , अक्टूबर 30 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पीवी ऐप की तकनीकी खामियों और विभिन्न लंबित मांगों को लेकर राजस्व पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को 18वें दिन भी जारी रही। आंदोलनरत पटवारियों ने काले कपड़े पहनकर विरोध रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
राजस्व पटवारी संघ के बैनर तले प्रदर्शनकारी डीएनके मैदान में एकत्रित हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए रैली की शक्ल में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर नाराजगी जताई और शासन से तत्काल समाधान की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, पीवी ऐप के जरिए फसल सत्यापन और गिरदावरी कार्य में तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं के कारण पटवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही स्थानांतरण, नोटिस जारी किए जाने और निलंबन जैसी प्रशासनिक कार्रवाइयों को लेकर भी कर्मचारियों में असंतोष है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित