कोंडागांव , जून 17 -- छत्तीसगढ़ में कोंडागांव जिले के ग्राम मसोरा स्थित सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा करवाकर तथा पुस्तकें एवं गणवेश वितरित कर स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें अनुशासित जीवन अपनाते हुए मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। साथ ही शिक्षकों और अभिभावकों से विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार आगे की शिक्षा के लिए मार्गदर्शन देने को कहा।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में नियमित सहयोग करने तथा उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ सुंदर हस्तलेखन विकसित करने के लिए नियमित अभ्यास की सलाह भी दी।
कार्यक्रम के दौरान गांव के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने छात्राओं द्वारा तैयार विभिन्न प्रोजेक्ट मॉडलों का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम के अंत में विधायक लता उसेंडी एवं अन्य अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर ईना श्रीवास्तव, सुकली बाई मरकाम, बंटी नाग, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित