कोंडागांव , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में माजीसा राइस मिल के सामने गांजे के पौधे मिलने के मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में प्रसारित खबरों को भ्रामक बताते हुए वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में 14 अक्टूबर को ही अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी।

पुलिस ने बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान गांजे के पौधे जब्त किए गए और थाना कोंडागांव में अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(क) में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, गांजे के पौधे संबंधित भवन की बाउंड्रीवॉल के बाहर स्थित भूमि पर पाए गए थे। भूमि के स्वामित्व और मामले में संबंधित व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए संबंधित विभाग से पत्राचार किया गया है। विभाग से जानकारी मिलने और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने कहा कि 23 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर नरेंद्र देवांगन और रितेश पटेल द्वारा प्रसारित खबर में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई नहीं करने और प्रशासनिक संरक्षण के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि खबर प्रसारित करने से पहले कोतवाली पुलिस का पक्ष नहीं लिया गया और न ही तथ्यों की पुष्टि के लिए संपर्क किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित