कोंडागांव , जुलाई 16 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बानगांव में गुरुवार को खेत में धान की बोआई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र बाल-बाल बच गया।

पुलिस के अनुसार, किसान मनसूराम नेताम अपने पुत्र अमित नेताम के साथ दोपहर करीब 12:30 बजे खेत में धान की बोआई कर रहे थे। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई और अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए।

बताया गया कि कुछ देर बाद अमित नेताम को होश आया, जिसके बाद उसने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से मनसूराम नेताम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद ग्राम बानगांव में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित