कोंडागांव , अप्रैल 20 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को आज सौंपते हुए सराहनीय कार्य किया है।

पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश पर साइबर सेल द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत हाल ही में 22 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इन मोबाइल फोन को उनके स्वामियों को विधिवत लौटाया गया। बरामद मोबाइलों में आईफोन, वनप्लस, सैमसंग, वीवो और रेडमी जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं, जिन्हें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उड़ीसा से भी रिकवर किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) नरेंद्र पुजारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में टीम लगातार गुम मोबाइलों की तलाश में जुटी हुई है। अभियान के परिणामस्वरूप कई लोगों को उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सका है, जिससे उन्होंने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस के अनुसार, साइबर सेल के गठन के बाद से अब तक 1800 से अधिक गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीश्रीमाल ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को अन्य व्यक्ति का मोबाइल मिलता है तो उसे नजदीकी थाने में जमा करें और बिना बिल के मोबाइल खरीदने से बचें। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित