कोंडागांव , सितंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिला अस्पताल को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है।

रायपुर में आयोजित आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की कार्यशाला में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक संजीव कुमार झा ने जिला अस्पताल को यह सम्मान प्रदान किया।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिला अस्पताल में नेक्स्टजेन सॉफ्टवेयर के छह मॉड्यूल संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से ओपीडी पंजीयन, ओपीडी क्लिनिक, फार्मेसी, आईपीडी, लैब और रेडियोलॉजी विभाग की सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। मरीजों को जांच रिपोर्ट सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रदेश के जिला अस्पतालों में इन मॉड्यूल की क्रियाशीलता की समीक्षा में कोंडागांव जिला अस्पताल का प्रदर्शन बेहतर पाए जाने पर उसे सम्मान के लिए चुना गया।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के नेतृत्व तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आर.के. चतुर्वेदी और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक प्रेमलाल मंडावी के मार्गदर्शन में डिजिटल सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराया गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल और नेटवर्क संबंधी चुनौतियों के बावजूद अस्पताल में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन लगातार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित