कोंडागांव , मई 20 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कोंडागांव जिले को सात नए हाईटेक 'डायल 112' वाहन तथा एक अत्याधुनिक फॉरेंसिक लैब वाहन की सौगात मिली है। बस्तर सांसद और कोंडागांव विधायक ने संयुक्त रूप से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर बुधवार को अधिकारियों ने कहा कि बस्तर तेजी से बदल रहा है और अब यहां के नागरिकों को भी महानगरों की तर्ज पर त्वरित पुलिस सहायता एवं आधुनिक आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, अपराध अथवा किसी भी आपात स्थिति में ये वाहन संजीवनी की तरह कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान 'इक्के नम्बर शब्बो बार, डायल 112' का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अब आम नागरिक स्मार्टफोन के साथ-साथ साधारण कीपैड फोन से भी आसानी से सहायता प्राप्त कर सकेंगे। नागरिक 112 नंबर पर सीधे कॉल, व्हाट्सएप संदेश तथा सामान्य एसएमएस के माध्यम से पुलिस सहायता ले सकेंगे।
सभी नए डायल 112 वाहन आधुनिक तकनीक, मेडिकल किट और सुरक्षा उपकरणों से लैस हैं, जिससे घटनास्थल पर पहुंचते ही पीड़ितों को तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। वहीं अत्याधुनिक फॉरेंसिक लैब वाहन अपराध अनुसंधान और साक्ष्य संकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिले की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशील क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए वाहनों का वितरण विभिन्न थानों में किया गया है। कोंडागांव थाना क्षेत्र को तीन वाहन, जबकि माकड़ी, फरसगांव, केशकाल और विश्रामपुरी को एक-एक वाहन आवंटित किए गए हैं।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस नई व्यवस्था से जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ाने में मदद मिलेगी। अब पुलिस सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित