कोंडागांव , जुलाई 10 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के सरगीपाल स्थित वर्ष 1969 से पंजीकृत मेथाडिस्ट चर्च इन इंडिया के संचालन को लेकर चर्च प्रबंधन और मसीह समाज के कुछ अनुयायियों के बीच विवाद सामने आया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन की राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

राजस्व निरीक्षक ने बताया कि फादर सुरेश कुमार ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि संस्था द्वारा स्थानांतरित किए जाने के बाद जब वह चर्च का कार्यभार संभालने पहुंचे तो कुछ लोगों ने चर्च के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर उन्हें चार्ज लेने से रोक दिया। शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची।

फादर सुरेश कुमार ने कहा कि उनका स्थानांतरण संस्था के नियमानुसार किया गया है और वह अपने परिवार के साथ चर्च पहुंचे थे। उनका दावा है कि चर्च की भूमि संस्था के नाम पर पंजीकृत है, लेकिन कुछ लोगों ने कथित रूप से चर्च परिसर में ताला लगाकर उन्हें कार्यभार ग्रहण करने से रोक दिया, जो संस्था की आचार संहिता के विरुद्ध है। उन्होंने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित