कोंडागांव , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर जटायु शिला के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। घटना गुरुवार सुबह 11:30 बजे की है, जब युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत जटायु शिला के पास एक युवक बाइक सहित सड़क किनारे पड़ा मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल फरसगांव अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उसके पास मिले बैंक पासबुक के आधार पर गजेंद्र कुमार नेताम, पिता महेश कुमार, निवासी वार्ड क्रमांक 6, नारायणपुर के रूप में की गई है।
प्राथमिक जांच में मामला हिट एंड रन का प्रतीत हो रहा है। युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर में सुरक्षित रखवा दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना देने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, अज्ञात वाहन और चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित