रामनगर , मार्च 01 -- उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे फाटो पर्यटन जोन में एक दुर्लभ अल्बिनो बंदर देखे जाने से क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल है,इस अनोखे बंदर को नेचर गाइड मोहित शर्मा ने अपने कैमरे में कैद किया, सफेद रंग और लाल आंखों वाले इस बंदर को देखकर पर्यटक और वन्यजीव प्रेमी आश्चर्यचकित रह गए।

यह क्षेत्र विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट पार्क से सटा क्षेत्र है,जहां अक्सर वन्यजीवों की विविधता देखने को मिलती है। लेकिन अल्बिनो बंदर का दिखना बेहद दुर्लभ घटना मानी जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार अल्बिनिज़्म एक आनुवंशिक स्थिति है, जिसमें शरीर में मेलानिन नामक पिगमेंट की कमी हो जाती है। मेलानिन की कमी के कारण त्वचा, बाल और आंखों का रंग सामान्य से बहुत हल्का या सफेद दिखाई देता है। यही कारण है कि इस बंदर का शरीर पूरी तरह सफेद और आंखें लाल नजर आ रही थीं।

जानकारों के अनुसार, यह कोई अलग प्रजाति नहीं, बल्कि सामान्य बंदर में पाई जाने वाली एक दुर्लभ जैविक अवस्था है। यह स्थिति हजारों में किसी एक जीव में देखने को मिलती है। अल्बिनो जीव अक्सर प्राकृतिक वातावरण में चुनौतियों का सामना करते हैं, क्योंकि उनका असामान्य रंग उन्हें शिकारियों के लिए आसानी से दिखाई देने वाला बना देता है। साथ ही, तेज धूप और दृष्टि संबंधी समस्याएं भी इनके लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं।

नेचर गाइड मोहित शर्मा ने बताया कि उन्होंने फाटो जोन में सफारी के दौरान इस बंदर को पेड़ों पर विचरण करते देखा। इसकी अनोखी बनावट को देखते हुए उन्होंने तुरंत इसे कैमरे में कैद किया।

वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की दुर्लभ घटनाएं क्षेत्र की जैव विविधता को दर्शाती हैं। हालांकि ऐसे जीवों की सुरक्षा बेहद जरूरी है, ताकि वे प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित रह सकें।

फिलहाल यह दुर्लभ अल्बिनो बंदर पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और क्षेत्र में चर्चा का विषय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित