रामनगर कॉर्बेट पार्क,27मार्च (वार्ता) विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के क्षेत्र से फिर एक वीडियो आमने आया है जो जंगल का ईको सिस्टम दिखाता है, जिसने पक्षी प्रेमियों और वन्यजीव विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है,इस वीडियो में एक छोटे लेकिन फुर्तीले शिकारी पक्षी (कॉलर्ड फाल्कोनेट) को गौरैया का शिकार करते हुए देखा जा सकता है।
इस दुर्लभ पल को पक्षी प्रेमी गणेश छिम्वाल ने अपने कैमरे में कैद किया है,यह वीडियो 1 दिन पहले का बताया गया है, कॉलर्ड फाल्कोनेट पक्षी तेजी से हमला कर गौरैया को पकड़ लेता है। इसके बाद वह उसे पेड़ की एक टहनी पर ले जाकर आराम से खाने लगता है।
कॉलर्ड फाल्कोनेट दुनिया के सबसे छोटे शिकारी पक्षियों में से एक माना जाता है, लेकिन इसकी शिकार करने की क्षमता बेहद तेज और सटीक होती है। आमतौर पर यह छोटे पक्षियों और कीड़ों का शिकार करता है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह का दृश्य बहुत कम ही देखने को मिलता है, क्योंकि यह पक्षी बेहद सतर्क और तेज होता है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व जैसे समृद्ध जैव विविधता वाले क्षेत्र में ऐसे दुर्लभ क्षणों का कैद होना इस बात का संकेत है कि यहां का पारिस्थितिकी तंत्र संतुलित और जीवंत है।
गणेश छिम्वाल द्वारा कैद किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग इस अनोखे शिकार को देखकर हैरान भी हैं और प्रकृति की इस अद्भुत दुनिया की सराहना भी कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित