रामनगर , मार्च 21 -- उत्तराखंड के रामनगर में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत रिगोरा चौकी पर विश्व वानिकी दिवस बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। यह बैठक शनिवारको विजरानी के रेंज अधिकारी नवीन पाण्डेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें जिम कॉर्बेट नेचर गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बुधानी एवं वेस्ट वॉरियर टीम की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में डिप्टी रेंज अधिकारी चौहान तथा गेट इंचार्ज प्रमोद डोरबी, प्रमोद सत्यवाली, नेचर गाइड सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्थानीय ग्रामीणों एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान वनों के संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा, पर्यावरण संतुलन एवं स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जंगल, वन्य जीव एवं स्वच्छ पर्यावरण मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, और इनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर श्री बुधानी, रेंज अधिकारी पाण्डेय, नेचर गाइड भवानी दत्त सती एवं कैलाश पपने ने संयुक्त रूप से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग पर्यावरण को सुरक्षित रखने, जंगलों एवं वन्य जीवों की रक्षा करने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करें और संरक्षण से जुड़े रहें।

कार्यक्रम के अंतर्गत फलदार वृक्षों का रोपण किया गया तथा रिगोरा गेट के आसपास वेस्ट वॉरियर टीम, नेचर गाइड्स, वन विभाग एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिससे क्षेत्र में साफ-सुथरा एवं जागरूक वातावरण का संदेश गया।

कार्यक्रम के अंत में श्री बुधानी ने कॉर्बेट प्रशासन द्वारा किए गए सफल आयोजन की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

बैठक में उपस्थित सदस्य: भवानी दत्त सती, भास्कर सती, राजेश नेगी, केशव सती, पवन बिष्ट, दीक्षा नैनवाल, प्रीति रावत, नंदन रौतेला, अशोक खुलवे, योगेश नैनवाल, विजय रावत, खीम नेगी, कैलाश पपने, रणजीत रावत, रितिका रावत, दीपक, संतोष रावत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित