कॉर्बेट पार्क रामनगर,12अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर में ग्रीष्मकाल के साथ ही प्रवासी पक्षियों की आमद शुरू हो गई है। अलग-अलग प्रजातियों के खूबसूरत परिंदों के पहुंचने से बर्ड वॉचर्स और फोटोग्राफर्स में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।कॉर्बेट का प्राकृतिक लैंडस्केप एक बार फिर "मैजिकल" नजर आ रहा है। घने जंगल, नदी-नाले और खुला आसमान प्रवासी पक्षियों के लिए आदर्श वातावरण तैयार करते हैं। यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में विदेशी और स्थानीय प्रवासी पक्षी यहां पहुंचते हैं।
प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर दीप रजवार ने बताया कि इस सीजन में अब तक कई खास प्रजातियों ने यहां दस्तक दे दी है। इनमें वेटर बर्ड्स की दो प्रमुख प्रजातियां-चेस्टनट -हैडेड बी इटर और ब्ल्यू टेल्ड बी इटर शामिल हैं। ये पक्षी आसमान में शानदार कलाबाज़ी करते हुए कीड़ों का शिकार करते हैं, जो देखने वालों के लिए बेहद आकर्षक दृश्य होता है।
इसके अलावा इंडियन पिट्टा ट्टर , जिसे स्थानीय भाषा में "नौरंगा" कहा जाता है, भी यहां देखा गया है। अपने नौ रंगों की वजह से यह पक्षी बेहद खूबसूरत होता है, लेकिन इसका शर्मीला स्वभाव और झाड़ियों में रहने की आदत इसे देखना चुनौतीपूर्ण बना देती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित