रामनगर,23फरवरी(वार्ता) कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की बिजरानी रेंज के अंतर्गत बिजरानी पश्चिमी बीट, मलानी ब्लॉक कक्ष संख्या-09 स्थित नाकाताल वन क्षेत्र में गश्त के दौरान वन कर्मियों को एक मगरमच्छ मृत अवस्था में मिला,घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां मृत मगरमच्छ के सभी अंग सुरक्षित अवस्था में पाए गए,प्रारंभिक निरीक्षण में किसी प्रकार की बाहरी क्षति या अवैध गतिविधि के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि विभाग द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

निदेशक कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निर्देश पर मृत मगरमच्छ के शव को विधिवत कार्यवाही के लिए ढेला रेस्क्यू सेंटर लाया गया। यहां पशु चिकित्सकों के पैनल द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में शव विच्छेदन (पोस्टमार्टम) की प्रक्रिया संपन्न की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित