सीहोर , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले में पुलिस ने बीती रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त कर 222 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि 146 चिन्हित अपराधियों, निगरानी बदमाशों और गुंडों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान अवैध शराब का कारोबार करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 29.86 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के अनुसार जिले में रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक कॉम्बिंग गश्त की गई। इस दौरान 224 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने 700 से अधिक वारंटियों, बदमाशों तथा अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली एवं मंडी के बल को संयुक्त रूप से ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा और डीएसपी हेमंत पाण्डेय उपस्थित रहे।
रातभर चली कॉम्बिंग गश्त में गिरफ्तार 222 वारंटियों में 125 स्थाई वारंटी और 97 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा जिले के 146 चिन्हित अपराधियों, निगरानी बदमाशों और गुंडों के निवास पर जाकर सघन चेकिंग की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान बुधनी थाना पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उनके कब्जे से 29.86 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित