रायपुर , जुलाई 13 -- छत्तीसगढ़ की वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव का चयन आगामी कॉमनवेल्थ खेल 2026 के लिए भारतीय टीम में किया गया है। उनके चयन से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। कॉमनवेल्थ खेलों का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा, जहां ज्ञानेश्वरी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कॉमनवेल्थ खेलों से पहले भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम का अनुकूलन (एक्लिमेटाइजेशन) प्रशिक्षण शिविर 22 जुलाई 2026 तक यूनाइटेड किंगडम के बर्मिंघम में आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद भारतीय दल ग्लासगो रवाना होगा और 23 जुलाई से शुरू होने वाले खेलों में हिस्सा लेगा। ज्ञानेश्वरी भी इसी टीम के साथ प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगी।
ज्ञानेश्वरी यादव ने सातवीं कक्षा से वेटलिफ्टिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने लगातार स्कूल नेशनल, ओपन नेशनल और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई। हाल ही में राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 53 किलोग्राम वर्ग का स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनका चयन कॉमनवेल्थ खेलों के लिए भारतीय टीम में हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित