ईटानगर , अक्टूबर 03 -- अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने राज्य में कॉफी की खेती का रकबा बढ़ाने, पैदावार की गुणवत्ता में सुधार लाने ,मजबूत बाजार संपर्क और बेहतर दामों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने का आह्वान किया है।
भारतीय कॉफी बोर्ड के राज्य कृषि विभाग के सहयोग से आयोजित 'हिल्स टू कप' कॉफी कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्री खांडू ने शनिवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लिए कॉफी की खेती कोई नई बात नहीं है और इसकी शुरुआत लगभग पांच दशक पहले ही हो चुकी थी लेकिन इतने वर्षों में इसकी वास्तविक क्षमता पर पर्याप्त ध्यान और प्रोत्साहन नहीं दिया गया।
कार्यशाला को राज्य के कॉफी क्षेत्र को पुनर्जीवित और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उत्पादकों, युवाओं, उद्यमियों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों को एक साझा मंच पर लाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार कार्यशाला के परिणामों पर आगे की कार्रवाई करेगी और कॉफी उत्पादकों और उद्यमियों की सहायता के लिए उचित नीतिगत पहलों की समीक्षा करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने आंध्र प्रदेश और अन्य राज्यों में कॉफी की खेती के तरीकों और विकास मॉडल का अध्ययन करने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया। प्रतिनिधिमंडल की रिपोर्ट के बाद सरकार ने भारतीय कॉफी बोर्ड के अध्यक्ष और निदेशक को राज्य में आमंत्रित किया, जिससे किसानों को तकनीकी जानकारी देने के लिए इस कार्यशाला का आयोजन संभव हुआ।
कृषि विभाग के आंकड़ों का हवाला देते हुए श्री खांडू ने बताया कि वर्तमान में राज्य में लगभग 600 हेक्टेयर क्षेत्र में कॉफी की खेती की जा रही है। इसका एक बड़ा हिस्सा पूर्वी अरुणाचल में 'अरुणाचल प्रदेश वन निगम' के तहत है, जबकि कई किसानों ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसकी शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि राज्य की विविध कृषि-जलवायु परिस्थितियां और उपजाऊ भूमि कॉफी विस्तार के लिए बेहद अनुकूल हैं।
श्री खांडू ने जोर देकर कहा कि इस विस्तार के साथ-साथ उत्पादकता, बीन्स की गुणवत्ता और उत्पादकों को मिलने वाले रिटर्न में भी सुधार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन क्षेत्र के तेजी से बढ़ते विकास के बीच कॉफी की खेती, प्रसंस्करण और संबद्ध व्यवसायों में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित