नयी दिल्ली , अक्टूबर 07 -- ॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने बुधवार को घोषणा करते हुए कहा कि वह आगामी 10 अक्टूबर को यहां जंतर-मंतर पर एक विशाल युवा प्रदर्शन का आयोजन करने जा रही है। पार्टी के अनुसार यह प्रदर्शन मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग के कामकाज में व्यापक सुधारों की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।

सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि इस संबंध में पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना पुलिस को औपचारिक सूचना दे दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल पुलिस को दी गई एक पूर्व सूचना है, न कि अनुमति के लिए कोई आवेदन। श्री दास ने पुलिस से अनुमति लेने के सवाल पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा, "कृपया 'अनुमति' शब्द का प्रयोग न करें। हमें अनुमति देने वाली दिल्ली पुलिस कौन होती है?" पुलिस ने अधिसूचना स्वीकार कर ली है और आयोजकों से एक वचन पत्र लेकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।

इस प्रदर्शन के कारणों को स्पष्ट करते हुए सीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि देश का युवा "वोटों की चोरी", "चुनावों के अपहरण" और चुनाव आयोग के जेन-जी के नाम मतदाता सूची में शामिल न किए जाने से बेहद चिंतित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, जनवरी 2025 की मतदाता सूची को बहाल करना और चुनाव आयोग में नियुक्तियों से संबंधित कानून में संशोधन शामिल हैं।

श्री दास ने कहा, "अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दे भी देते हैं, तब भी हम पीछे नहीं हटेंगे। हम चुनाव आयोग में व्यापक और ठोस सुधार चाहते हैं।"इस संवाददाता सम्मेलन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स जैसी प्रमुख छात्र संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित