मुरैना , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश के मुरैना और श्योपुर जिले के कैलारस एवं बीरपुर के बीच आमान परिवर्तन के बाद नवनिर्मित 56 किलोमीटर लंबे ब्रॉडगेज रेलखंड का मंगलवार को लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर कैलारस-बीरपुर के बीच मेमू यात्री ट्रेन सहित तीन नई विस्तारित रेल सेवाओं का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर तथा मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि कैलारस से बीरपुर तक मेमू सेवा का विस्तार ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास की नई संभावनाओं का द्वार है। इससे बीरपुर, सबलगढ़ और आसपास के गांवों के लोगों का ग्वालियर सहित प्रमुख शहरों तक आवागमन सुगम होगा। रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से विद्यार्थियों, युवाओं, किसानों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कैलारस-बीरपुर रेलखंड का लोकार्पण ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि ग्वालियर-श्योपुरकला आमान परिवर्तन परियोजना करीब 188 किलोमीटर लंबी है और इसकी लागत लगभग 3,128 करोड़ रुपये है। कैलारस-बीरपुर का 56 किलोमीटर रेलखंड इसी परियोजना की महत्वपूर्ण कड़ी है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2026-27 में रेलवे विकास के लिए लगभग 15,188 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राज्य में करीब 1.18 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 80 स्टेशनों के पुनर्विकास सहित आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
श्री वैष्णव ने कहा कि आम यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 12,500 जनरल एवं स्लीपर कोच के निर्माण का आदेश दिया गया है। वंदे भारत, नमो भारत रैपिड रेल और वंदे भारत स्लीपर जैसी सेवाओं के माध्यम से रेलवे को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कैलारस से बीरपुर तक आमान परिवर्तन का कार्य पूरा होना ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास में नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही रेल कनेक्टिविटी श्योपुरकलां तक पहुंचने की उम्मीद है तथा भविष्य में कोटा तक विस्तार की योजना से क्षेत्र को और लाभ मिलेगा।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कैलारस-सबलगढ़-बीरपुर रेलखंड के आमान परिवर्तन के लिए क्षेत्रवासियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। रेल सेवा का बीरपुर तक विस्तार क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम है। मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि मेमू ट्रेन के शुरू होने से क्षेत्र की जनता में खुशी है और रेल विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।
इस बीच कैलारस से बीरपुर जाते समय ग्राम थरा के ग्रामीणों ने स्टेशन निर्माण और ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर रेल पटरियों पर खड़े होकर मेमू ट्रेन को करीब आधे घंटे तक रोक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और रेल अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया तथा उनकी मांग उचित स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण पटरियों से हटे और ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित