भरतपुर , मार्च 26 -- राजस्थान में करौली के कैलादेवी धाम पर चैत्र नवरात्र की दुर्गाष्टमी पर गुरुवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल कैलादेवी के 16 मार्च से एक अप्रैल तक चलने वाले इस वार्षिक लक्खी मेले में अब तक करीब 30 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। गुरुवार को दुर्गाष्टमी पर तड़के तीन बजे से ही मंदिर में लंबी कतारों में लगे श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए करीब एक घंटे तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
'जय माता दी' के जयकारों के साथ भक्त खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करके माता के दर्शन कर रहे है। मेले में 40 लाख से ज्यादा भक्तों के पहुंचने का अनुमान है।
मेले में नवविवाहित जोड़े, बच्चों का मुंडन संस्कार कराने वाले परिवार और मनौती पूरी होने पर राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा सहित कई राज्यों के श्रद्धालुओं का विभिन्न साधनों के अलावा ध्वजा लेकर बड़ी संख्या में भक्तों का पैदल यात्रा करते हुए माता के दरबार की तरफ बढ़ने का सिलसिला जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित