टिहरी , अक्टूबर 26 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले में अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैम्पटी पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की हैं।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया है। बरामद शराब और बीयर की अनुमानित कीमत 86,400 रुपये आंकी गयी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसी कड़ी मे कोतवाली कैम्पटी पुलिस ग्राम सैन्जी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच अभियान चला रही थी।
इसी दौरान पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी ली तो उसमें से अवैध रूप से परिवहन की जा रही शराब और बीयर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार चालक सागर कुमार पुत्र नेकीराम, निवासी ग्राम बरामपुर, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कार से इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब की आठ पेटियां, जिनमें कुल 96 बोतलें थीं, और टर्बोर्ग स्ट्रॉन्ग बीयर की आठ पेटियां बरामद की गईं। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 86,400 रुपये आंकी गई है। शराब तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया गया है।
इस मामले में कोतवाली कैम्पटी में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित