भभुआ , सितम्बर 14 -- बिहार में कैमूर पुलिस ने गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, साक्ष्य संकलन और प्रभावी पैरवी के जरिए जनवरी 2025 से अगस्त 2026 के बीच 103 मामलों में 170 दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाने में सफलता हासिल की है।
कैमूर पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में 61 मामलों में 104 दोषियों को सजा दिलायी गयी, जबकि जनवरी से अगस्त 2026 तक 42 मामलों में 66 दोषियों को न्यायालय ने दोषी करार देते हुए सजा सुनायी। इस तरह जनवरी 2025 से अगस्त 2026 तक कुल 103 मामलों में 170 दोषियों को सजा मिली है।
आंकड़ों के अनुसार हत्या के 17 मामलों में 43 दोषियों को सजा हुई है। इसी तरह स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के 40 मामलों में 49 दोषियों, पॉक्सो अधिनियम के 32 मामलों में 52 दोषियों तथा आर्म्स एक्ट के 14 मामलों में 26 दोषियों को न्यायालय से सजा दिलायी गयी है।
पुलिस के अनुसार दोषियों को मिली सजाओं में हत्या के मामलों में आजीवन कारावास समेत 10 वर्ष से अधिक की सजा शामिल है। एनडीपीएस के मामलों में 16 दोषियों को 10 से 15 वर्ष तक की सजा सुनायी गयी। पॉक्सो के मामलों में 22 दोषियों को 10 से 25 वर्ष तक तथा चार दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिली है। वहीं आर्म्स एक्ट के मामलों में 15 दोषियों को तीन से पांच वर्ष तथा 10 दोषियों को एक से दो वर्ष तक की सजा सुनायी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित