भभुआ , फरवरी 19 -- बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देशानुसार गुरूवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह- व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नितिन कुमार सिंह (जिला पदाधिकारी, कैमूर), दिव्या शक्ति (उप विकास आयुक्त, कैमूर), जिला वन प्रमण्डल पदाधिकारी, वरीय उप महालेखाकार, सहायक महालेखाकार और दिनेश तिवारी (जिला नियोजन पदाधिकारी, कैमूर) ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री सिंह ने उपस्थित अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं कुशल युवा कार्यक्रम, स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के बारे में जानकारी दी और युवाओं को इन योजनाओं से जुड़कर अपने भविष्य को उज्जवल बनाने की प्रेरणा दी।
जिला नियोजन पदाधिकारी दिनेश तिवारी ने बताया कि नियोजन मेला में विभिन्न नियोजकों ने भाग लिया, जिनके पास कुल 1000 रिक्तियां उपलब्ध थीं। मेला में लगभग 1444 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कुल 695 आवेदकों ने अपना बायोडाटा जमा किया, जिनमें से 346 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट या चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि 1050 आवेदकों को करियर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने पूर्व से चयनित 25 लाभुकों को स्वरोजगार के लिये टूल किट प्रदान किए गए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित