नयी दिल्ली , जून 12 -- कैबिनेट सचिव डॉ. टी. वी. सोमनाथन ने शुक्रवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक के साथ बैठक कर 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की।
सूचना प्रसारण मंत्रालय के अनुसार बैठक के दौरान डॉ. सोमनाथन ने कहा कि केंद्र सरकार, राज्य सरकारें और जिला प्रशासन पुनर्परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति किसी भी प्रकार से परीक्षा की निष्पक्षता और सुचारू संचालन को प्रभावित करने, बाधित करने अथवा उसमें छेड़छाड़ करने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कैबिनेट सचिव ने बताया कि उन्होंने एक जून को केंद्र सरकार के विभिन्न सचिवों और संबंधित एजेंसियों के साथ परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। इसके बाद चार जून को सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक कर तैयारियों और व्यवस्थाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
सरकार का कहना है कि इन बैठकों का उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना, तैयारियों को और मजबूत बनाना तथा नीट पुनर्परीक्षा की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना है।
गौरतलब है कि 21 जून को होने वाली नीट पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्र और राज्य स्तर पर व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित