हल्द्वानी , अगस्त 02 -- उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर सुनवाई की गई।

जनता दरबार में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, राजस्व तथा अन्य जनसमस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। कैबिनेट मंत्री ने 700 से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

श्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाया जाए तथा आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

जनता दरबार में नगर आयुक्त हल्द्वानी, मुख्य विकास अधिकारी (डीडीओ) नैनीताल, एसडीएम धारी, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव तथा विद्युत, पेयजल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित