भोपाल , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए शुक्रवार को सेवा संकल्प युवा संगठन के सदस्यों ने मरघटिया महावीर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। युवाओं ने तिरंगा हाथ में लेकर कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की और मंदिर में महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया।

संगठन के अध्यक्ष प्रकाश मालवीय ने कहा कि कैप्टन स्मित ने गंभीर चोटों के बावजूद 174 यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि देशभर के लोगों की प्रार्थनाएं कैप्टन स्मित के साथ हैं।

संगठन के संयोजक चेतन भार्गव ने कहा कि कैप्टन स्मित स्वयं गंभीर रूप से घायल हुए हैं और जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित के साहस ने देशवासियों का मान बढ़ाया है।

संगठन के सदस्यों ने बताया कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान गंभीर परिस्थिति उत्पन्न हुई थी। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए कैप्टन स्मित ने साहस दिखाया। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूजा-अर्चना के दौरान महंत कन्हैया दास महाराज, समाजसेवी चेतन भार्गव, यश जैन, अर्जुन ठाकुर, राजेश साहू, हर्ष सोनी, सौरभ जैन और दीपक साकरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित