रांची , अप्रैल 12 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी रांची स्थित होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित प्रतिष्ठित एचसीजीकॉन 2.0 - " शेपिंग टुमारो'एस कैंसर केयर" कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त ऑन्कोलॉजिस्ट, सर्जन, शोधकर्ता एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने सभी विशेषज्ञों के साथ गहन चर्चा करते हुए झारखंड में कैंसर उपचार की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों एवं भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया।

डॉ अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कैंसर अब मौत का कारण नहीं बनेगा। सही समय पर पहचान, मजबूत इच्छाशक्ति और बेहतर इलाज से इसे हराना पूरी तरह संभव है। मेरा लक्ष्य सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि कैंसर को जड़ से खत्म करना है - और इसके लिए मैं दिन-रात काम कर रहा हूं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी ने कई बड़े और क्रांतिकारी निर्णयों की घोषणा की। राज्य के सभी सदर अस्पतालों में अत्याधुनिक पीईटी-सीटी स्कैन मशीनें स्थापित की जाएंगी, जिससे कैंसर की समय पर और सटीक पहचान संभव होगी।

बढ़ते ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर को देखते हुए महिलाओं को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।

गंभीर बीमारियों, विशेषकर कैंसर के इलाज के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता को Rs.5 लाख से बढ़ाकर Rs.15 लाख किया गया है, जिसे भविष्य में और बढ़ाने की योजना है।

राज्य के सभी जिलों में बड़े स्तर पर कैंसर स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि बीमारी की पहचान शुरुआती चरण में ही हो सके।

डॉ. अंसारी ने देश-विदेश के डॉक्टरों और विशेषज्ञों से अपील करते हुए कहा:आप नई सोच और आधुनिक तकनीक के साथ झारखंड आइए। सरकार आपको जमीन, इंफ्रास्ट्रक्चर और हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराएगी।

राज्य आज स्वास्थ्य सेवाओं में देश में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है। डॉ. अंसारी ने राज्यवासियों से आग्रह किया कि कैंसर से डरें नहीं, समय पर जांच कराएं। आपकी जागरूकता और हमारी व्यवस्था मिलकर इस बीमारी को हराएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित