पटना , जुलाई 31 -- ैंसर उपचार को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स),पटना के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग में शुक्रवार को अत्याधुनिक सेमिनार रूम एवं स्किल लैब का शुभारंभ किया गया।

यह नई सुविधा न केवल भावी सर्जनों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करेगी बल्कि कैंसर उपचार, अनुसंधान और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।

इस अत्याधुनिक स्किल लैब को इस प्रकार विकसित किया गया है कि यहां एमबीबीएस छात्रों, पीजी रेजिडेंट्स, सुपर स्पेशियलिटी फेलोज़ और फैकल्टी सदस्यों को आधुनिक सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण मिल सके। यहां लाइव सर्जिकल डेमोंस्ट्रेशन, ट्यूमर बोर्ड मीटिंग, केस आधारित शिक्षण, कौशल विकास कार्यशालाएं, सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम और बहुविषयक अकादमिक चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इससे युवा चिकित्सकों को वास्तविक ऑपरेशन से पहले सुरक्षित वातावरण में अपनी सर्जिकल दक्षता विकसित करने का अवसर मिलेगा।

इस सुविधा का उद्घाटन एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा में उत्कृष्ट परिणाम केवल अत्याधुनिक तकनीक से नहीं बल्कि प्रशिक्षित और कुशल चिकित्सकों से संभव होते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्किल लैब युवा सर्जनों को नवीनतम तकनीकों से प्रशिक्षित करने, अनुसंधान को बढ़ावा देने और कैंसर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित