बुरहानपुर , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर में काम छोड़ने की बात को लेकर हुए विवाद में टेलर द्वारा कारीगर पर कैंची से किए गए हमले में घायल कारीगर की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी टेलर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त की रात करीब आठ बजे मनोज टॉकीज क्षेत्र में टेलर बिरज कुमार देवड़ा और उसके यहां काम करने वाले देवानंद चौधरी के बीच काम छोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान देवानंद ने टेलर पर छाते का कोना मार दिया, जो उसकी आंख के पास लगा। इससे आक्रोशित होकर बिरज कुमार ने देवानंद के पेट और छाती में कैंची से वार कर दिया।
घटना में घायल दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से छुट्टी दे दी गई थी। बाद में देवानंद की तबीयत बिगड़ने पर उसे बुरहानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 25 अगस्त को उसकी मौत हो गई।
नेपानगर थाना प्रभारी शहाबुद्दीन कुरैशी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी बिरज कुमार देवड़ा को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित