हैदराबाद , मई 13 -- तेलंगाना रक्षण सेना की प्रमुख कल्वाकुंतला कविता ने बुधवार को केंद्र सरकार से पालमुरु-रंगारेड्डी लिफ्ट सिंचाई परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने की मांग की और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राज्य सरकार, दोनों पर तेलंगाना के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

बंजारा हिल्स स्थित तेलंगाना रक्षण सेना के कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुश्री कविता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी तेलंगाना यात्रा के दौरान वित्तीय अनुशासन की बात की, जबकि आंध्र प्रदेश की परियोजनाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि वे पालमुरु परियोजना के लिए राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा प्राप्त करने की दिशा में मजबूती से प्रयास करने में विफल रहे हैं।

सुश्री कविता ने आरोप लगाया कि तेलंगाना राज्य कृष्णा और गोदावरी नदियों के पानी का पूरी तरह से उपयोग करने में विफल रहा है। उन्होंने घोषणा की कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो वह एक समर्पित जल आयोग स्थापित करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि सिंचाई का पानी खेती योग्य हर एकड़ भूमि तक पहुंचे।

टीआरएस नेता ने केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे के खिलाफ कथित तौर पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर उनके विरुद्ध लुकआउट नोटिस जारी करने की भी मांग की और कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शी जांच आवश्यक है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नाबालिग लड़की की तस्वीरें प्रसारित करने की भी निंदा की और उन्हें सार्वजनिक करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित