नयी दिल्ली , मई 04 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल को लोक लेखा समिति (पीएसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

लोकसभा सचिवालय की ओर से सोमवार को जारी बयान के मुताबिक श्री वेणुगोपाल 30 अप्रैल 2027 तक पीएसी के अध्यक्ष बने रहेंगे। लोक लेखा समिति संसद की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित समितियों में से एक है, जो केंद्र सरकार के वित्तीय खातों, संसद द्वारा स्वीकृत व्यय, वार्षिक वित्त लेखा तथा नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्टों की जांच करती है।

बयान में कहा गया है कि 1967 से यह परंपरा चली आ रही है कि लोकसभा में विपक्ष के वरिष्ठ नेता को पीएसी का अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है। लोक लेखा समिति ने अपनी स्थापना से अब तक कुल 1830 रिपोर्ट प्रस्तुत की हैं। अट्ठारहवीं लोकसभा के दूसरे वर्ष (2025-26) में समिति ने विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के कामकाज की समीक्षा करते हुए 26 रिपोर्ट (9 मूल रिपोर्ट और 17 एक्शन टेकन रिपोर्ट) प्रस्तुत कीं।

पीएसी में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 22 सदस्य शामिल हैं, जो विभिन्न दलों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित