बैतूल , मार्च 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के नाम पर 50 हजार रुपये हड़पने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार भैंसदेही तहसील के ग्राम खोमई निवासी सुरेश सरियाम ने आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही कुन्जबिहारी उर्फ गुड्डू शेखावत ने वर्ष 2009 में केसीसी बनवाने के नाम पर उससे संपर्क किया और पूरी बैंक प्रक्रिया स्वयं करने का भरोसा दिया।

शिकायत के मुताबिक एक दिसंबर 2009 को सुरेश के नाम से 50 हजार रुपये की केसीसी स्वीकृत कराई गई, लेकिन पूरी राशि आरोपी अपने साथ ले गया। आरोप है कि इसके बाद उसने न तो राशि जमा की और न ही कोई जानकारी दी।

पीड़ित का कहना है कि समय के साथ ब्याज बढ़ने से बकाया राशि अब करीब एक लाख 30 हजार रुपये तक पहुंच गई है। उसने यह भी आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी और उसका बेटा उसे तथा उसके परिवार को मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़ित ने एसपी से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई, बकाया राशि दिलाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित