कोण्डागांव , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले के केशकाल में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जुआ खेलने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 20 हजार 400 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल व स्कूटी सहित कुल एक लाख 55 हजार 400 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केशकाल के ढोढरापारा स्थित इमरान पारेख की बाड़ी में कुछ लोग ताश की 52 पत्तियों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर केशकाल थाना पुलिस और कोण्डागांव साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान मोहम्मद साहिद, मोहम्मद इकबाल, इमरान पारेख, मोहम्मद साजिद और नवीन शोरी को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 हजार 400 रुपये नकद, 65 हजार रुपये कीमत के पांच मोबाइल फोन, 70 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल और स्कूटी, ताश की 52 पत्तियां तथा एक चटाई जब्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित