केशकाल , अक्टूबर 19 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के प्रवेश द्वार केशकाल घाट में सोमवार शाम सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा घाट के नीचे मंदिर के पास मोड़ पर हुआ, जहां दोपहिया वाहन सड़क पर पड़े पत्थर से टकरा गया। दुर्घटना में दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस से देर शाम मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान संदीप कुंजाम (24) और पुटमि मटकाम (21) के रूप में हुई है। दोनों धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम चनागांव के निवासी थे। बताया गया है कि दोनों युवक दोपहिया वाहन से जगदलपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब चार बजे केशकाल घाट के नीचे मंदिर के पास मोड़ पर उनका वाहन सड़क पर मौजूद पत्थर से टकरा गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
केशकाल घाट की घुमावदार सड़क और ढलान को देखते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने तथा नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित