नयी दिल्ली , जून 24 -- केंद्रीय विद्यालयों-केवी की 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता-2025-26 के विजेता छात्रों और विद्यालयों को गुरुवार को यहां संसद भवन परिसर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जायेगा।
विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 25 जून को दोपहर तीन बजे जीएमसी बालायोगी सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और विद्यालयों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय, प्रेसिडेंट एस्टेट, नयी दिल्ली के छात्र अपनी युवा संसद की कार्यवाही का पुनः प्रदर्शन भी करेंगे।
संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 38 वर्षों से केंद्रीय विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। वर्ष 2025-26 के दौरान आयोजित 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय संगठन के 25 क्षेत्रों के 200 विद्यालयों ने भाग लिया था। योजना का उद्देश्य छात्रों में आत्म-अनुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों, विभिन्न विचारों के प्रति सहिष्णुता तथा विचारों की निष्पक्ष अभिव्यक्ति की भावना विकसित करना है।
प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय, प्रेसिडेंट एस्टेट, नयी दिल्ली को 'सरदार वल्लभभाई पटेल रनिंग पार्लियामेंट्री शील्ड एवं ट्रॉफी' प्रदान की जायेगी जबकि पश्चिम, दक्षिण, मध्य और पूर्व क्षेत्र के विजेता विद्यालयों को भी क्षेत्रीय विजेता ट्रॉफियां दी जायेंगी।
क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 अन्य केंद्रीय विद्यालयों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया जायेगा। इनमें जम्मू, चंडीगढ़, देहरादून, अहमदाबाद, जयपुर, मुंबई, रांची, भोपाल, एर्नाकुलम, हैदराबाद, बेंगलुरु, लखनऊ, पटना, रायपुर, वाराणसी, कोलकाता, सिलचर और भुवनेश्वर सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालय शामिल हैं।
मंत्रालय का कहना है कि युवा संसद योजना छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली, चर्चा एवं वाद-विवाद की तकनीकों से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रभावी वक्तृत्व कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित