चंडीगढ़ , जुलाई 29 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को अपना कार्यभार संभालने के बाद अपने गृह क्षेत्र के पहले दौरे के दौरान संगरूर स्थित गुरुद्वारा गुरुसागर मस्तुआना साहिब में माथा टेका।
श्री ढिल्लों ने संत बाबा अत्तर सिंह जी से जुड़े इस पवित्र स्थल पर नतमस्तक होकर पंजाब में शांति, तरक्की, समृद्धि और सर्वजन कल्याण की अरदास की। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधन की ओर से ढिल्लों को गुरु का आशीर्वाद स्वरूप सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
श्री ढिल्लों ने भाजपा केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस जिम्मेदारी का वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में राज्य सरकार हर मोर्चे पर लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में विफल रही है और पंजाब को कई गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से समाज का हर वर्ग असंतुष्ट है।
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की जनता अब उम्मीद भरी नजरों से भारतीय जनता पार्टी की ओर देख रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा महाराजा रणजीत सिंह जी की 'सरकार-ए-खालसा' की प्रेरणा से पंजाब में सुशासन, जनकल्याण और विकास का नया दौर शुरू करेगी तथा राज्य को फिर से समृद्ध और खुशहाल बनाने का काम करेगी।
इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित